श्रीराम वन गमन पथ काव्य यात्रा रथ रामरेखा धाम पहुंचा

रामभक्तों ने जगह जगह किया भव्य स्वागत और अभिनंदन
सिमडेगा। राष्ट्रीय कवि संगम झारखण्ड प्रांत द्वारा श्रीराम वन गमन पथ काव्य यात्रा रथ सोमवार की दोपहर जसपुर से चलकर सिमडेगा रामरेखा धाम पहुंची। श्रीराम रथ का दर्जनों स्थानों पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अपने पारंपरिक तरीके से पूजन, वंदन और अभिनंदन किया गया।श्रीराम रेखा धाम में संतों द्वारा पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना आदि कर महाप्रसाद का वितरण किया गया। जिसके बाद सैकड़ों बाइक सवार भक्तों और दर्जनों गाड़ियों के साथ सिमडेगा शहर के लिए रवाना हुए। रथ सिमडेगा नगर का भ्रमण कर गांधी मैदान पहुंचा। जहां भक्तों द्वारा रामलला का दर्शन और पूजन किया किया।
ज्ञात हो कि श्री राम वन गमन पथ काव्य यात्रा श्रीलंका अशोक वाटिका से प्रारंभ होकर आगामी 10 अप्रैल को अयोध्या पहुंचेंगी। सिमडेगा गांधी मैदान में एक भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें ओज कवि योगेन्द्र शर्मा, सुदीप भोला, सरोज झा झारखण्डी, चंद्रिका ठाकुर देशदीप, सुदीप अग्रवाल, अमित कुमार, मनोज सिन्हा मन्नू, विष्णु देव प्रसाद, भोला साव आदि ने अपनी रचनाओं से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रथयात्रा में राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल, राष्ट्रीय मंत्री अशोक बत्रा, सह मंत्री महेश शर्मा, डॉ शंभू मनहर, बसंत मित्तल, जीवन कुमार, मदन सिंह, विहिप के जिलाध्यक्ष कौशल राज सिंहदेव,
अमरनाथ बामणिया, विनोद कुमार अग्रवाल, ओम प्रकाश शर्मा, चंदन लाल, फनी भूषण साहा, शिव चंद्र अग्रवाल, कृष्णा शर्मा, संतोष देवी, सत्यनारायण प्रसाद, परमानंद चौधरी सहित सिमडेगा जिला के सैकड़ों लोगों ने अपना योगदान दिया।