FeaturedJamshedpurJharkhand

यूनिफॉर्म सिविल कोड पर ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट के सभा पर बोली भाजपा

राजनीतिक रोटी सेंकने वाले और संकीर्ण सोच रखने वाले लोग फैला रहे भ्रम

जमशेदपुर। ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट के द्वारा शुक्रवार को यूनिफॉर्म सिविल कोड पर मानगो गांधी मैदान में होने वाले सभा को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा जमशेदपुर महानगर ने फ्रंट समेत राजनीतिक रोटी सेंकने वालों लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें और सांप्रदायिक राजनीति से इसे दूर रखें। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि फ्रंट के केंद्रीय महासचिव एवं झारखंड नामधारी दल से जुड़े बाबर खान शायद यह नहीं जानते कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां हिंदू, मुस्लिम या कोई अन्य संहिता नहीं हो सकती। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है जहां किसी धर्म के लॉ बोर्ड का शासन नहीं चल सकता है। भारतीय संविधान में जो कुछ लिखा है उसी के मुताबिक देश का शासन चल सकता है। कहा कि बाबर खान को यह भी पता होना चाहिए कि समान नागरिक संहिता कानून हो या कोई अन्य कानून, सभी कानून भारतीय संविधान की मूल भावना और उसमें किये गये प्रावधान के मुताबिक ही बनाये जा सकते हैं। ऐसे में बाबर खान जैसे संकीर्ण सोच रखने वाले लोग को भ्रम फैलाने और लोगों को भड़काने के प्रयासों से बाज आना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि जब देश में आपराधिक कानून एक हैं, भारतीय संविदा कानून (कॉन्ट्रैक्ट लॉ) एक हैं, वाणिज्यिक कानून एक हैं, कारोबार से जुड़े कानून एक हैं, तब परिवार संबंधी कानून अलग-अलग क्यों हैं? उन्होंने कहा कि 1400 साल पुरानी स्थिति अलग थी और उस समय की परिस्थिति में बहु विवाह की प्रथा आई, वह तब के समय की जरूरत हो सकती है। परंतु अब समय बदला है। नारी की गरिमा और समानता की बात सभी को स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे में किसी तरह के भेदभाव को समान नागरिक संहिता से दूर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा है कि भारतीय समान नागरिक संहिता लागू होने से विवाह की न्यूनतम उम्र समान होगी, तलाक का आधार एक समान होगा, तलाक की प्रक्रिया एक समान होगी, गुजारा भत्ता का अधिकार सबको मिलेगा, बच्चा गोद लेने का अधिकार सबको मिलेगा, भरण-पोषण का अधिकार भी सबको मिलेगा और विरासत-वसीयत का अधिकार भी सबको एक समान मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्सनल लॉ बोर्ड ने विभिन्न बैठकों में लॉ कमीशन के समक्ष अपने सुझावों एवं विचारों को रखा है। ऐसे में इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रदर्शन-सभा के माध्यम से मुस्लिम समुदाय को उकसाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने जिला प्रशासन से ऐसे किसी भी प्रकार की सभा की अनुमति ना देने और समाज मे विभेद पैदा करने की कोशिश करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button