UP Vidhan Sabha Chunav 2022: समाजवादी पार्टी का सदस्यता अभियान तेज, पार्टी की नीतियां बखानी जा रही

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं ने आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर कमर कस लिया है। इसके तहत जगह-जगह सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को जोडऩे के लिए कार्यकर्ताओं ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। लोगों को पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को बताया जा रहा है। घर-घर जाकर भी संपर्क किया जा रहा है। साथ ही मोहल्लों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
सपा सरकार में किए गए विकास कार्यों को गिना रहे
पार्टी के वरिष्ठ नेता सलामत उल्ला ने प्रयागराज में शहर दक्षिणी के कई इलाकों में सदस्यता अभियान चला रखा है। वे प्रतिदिन सभी जगहों पर पहुंच रहे हैं और लोगों से रूबरू हो रहे हैं। सपा सरकार में किए गए विकास कार्यों को बिंदुवार बता रहे हैं। सपा की सरकार में पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कौन-कौन सी योजनाएं चलाई थीं, इसे बताया जाता है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदम को भी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि सपा की सरकार में हर वर्ग के लोगों के हित में कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं थीं। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में सपा का साथ देने की अपील की गई। कहा गया कि सपा की सरकार बनने के बाद पुन: पुरानी योजनाओं को चालू करने के साथ नई योजनाएं भी चलाईं जाएंगी।
भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है जनता : सलामत उल्ला
वरिष्ठ सपा नेता सलामत उल्ला का कहना है कि भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता तंग आ चुकी है। महंगाई की मार से हर कोई परेशान है। अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। उनका कहना है कि कई जगहों पर हुए चुनाव में भाजपा जिस प्रकार से पराजित हुई है, उसी तरह से उप्र में होने वाले विधान सभा चुनाव में भी जनता बता देगी।