FeaturedJamshedpurJharkhand

भाजपा नेता विकास सिंह के घर आधी रात को की गई पुलिसिया कार्रवाई पर भाजपा आक्रोशित, जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने सरकार और प्रशासन को चेताया, कहा- बदले की भावना से कार्य ना करे प्रशासन

जमशेदपुर। जिला प्रशासन द्वारा सोमवार आधी रात को भाजपा नेता विकास सिंह के घर की घेराबंदी कर छापामारी करने और उनकी गैर मौजूदगी में उनके परिवारजनों से दुर्व्यवहार करने पर भाजपा आक्रोशित है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर जहां शहर के भाजपा कार्यकर्ता काफी आक्रोशित दिख रहे हैं तो वहीं भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष गुंजन यादव ने भी इस पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। मंगलवार को जारी प्रेस बयान में जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विकास सिंह के घर आधी रात को भारी-भरकम पुलिस बल के साथ गिरफ्तारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा किया गया आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। विकास सिंह की अनुपस्थिति में उनके घर पर एक आतकंवादी और पेशेवर अपराधी को पकड़ने जैसे व्यवहार करना दर्शाता है कि पुलिस झामुमो-कांग्रेस सरकार और उनके काबीना मंत्री के इशारे पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला वर्षों पुराना है। कुछ मामलों में विकास सिंह ने जमानत ली हुई है। एक मामला न्यायालय में विचाराधीन था, जिसपर स्टे लगे होने की जानकारी मिली है। कुछ दिन पहले ही उस मामले में स्टे हटाया गया है। गुंजन यादव ने कहा कि जब नगर निगम का चुनाव सर पर हैं, वैसे समय में जिला प्रशासन सिर्फ और सिर्फ सरकार और काबीना मंत्री के कठपुतली के रूप में कार्य कर रही है। कहा कि यह कार्रवाई हमारे भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक बदले की कार्रवाई है और जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई ने पूरे भाजपा कार्यकर्ताओं को आक्रोशित कर दिया है। महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने जिला प्रशासन और सरकार के काबिल मंत्री को चेतावनी देते हुए संवैधनिक दायरे में रहकर कार्य करने की नसीहत दी। कहा कि शासन-प्रशासन भाजपा कार्यकर्ताओं के धैर्य की परीक्षा ना लें अन्यथा भारतीय जनता पार्टी जिला प्रशासन और काबीना मंत्री के ईंट से ईंट बजाने और नाक में दम करने का माद्दा रखती है। गुंजन यादव ने कहा कि शहर के किसी भी भाजपा कार्यकर्ता पर पावर और पद का दुरुपयोग कर तंग करने की कोशिश होगी तो वहां भाजपा पूरी मजबूती से उनका मुकाबला करेगी।

Related Articles

Back to top button