FeaturedJamshedpurJharkhand

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मु पर कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार के बयान से भाजपा आक्रोशित

जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका कांग्रेस पार्टी का पुतला

जमशेदपुर: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू एवं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खिलाफ कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार के अपमानजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री सह महानगर प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू मुख्यरूप से शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक जुलूस निकालकर हाथों में पुतला लिए कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, कांग्रेस पार्टी हाय-हाय के नारे लगाकर विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने डॉ अजय कुमार के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस की विकृत मानसिकता फिरसे उजागर हुई है। कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी समाज के आस्था, विश्वास, गौरवशाली संस्कृति, परंपरा के साथ-साथ एक महिला भावना को भी अपमानित किया है, इसके लिए पूरी कांग्रेस पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता अजय कुमार के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी जिसमें अजय कुमार ने कहा था कि द्रौपदी मुर्मू ‘देश की एक शैतानी विचारधारा’ का प्रतिनिधत्व करती हैं।” साथ ही अजय कुमार ने आगे कहा था कि द्रौपदी मुर्मू को आदिवासियों का प्रतीक नहीं बनाना चाहिए। सुबोध सिंह गुड्डू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने जब एक आदिवासी समाज की महिला को राष्ट्रपति पद के लिए नामित किया है। तब से ही कांग्रेस के नेता अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। एक आदिवासी महिला देश की राष्ट्रपति बने, यह कांग्रेस पार्टी को पच नही रहा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने भी राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस पार्टी प्रवक्ता के बयान को आदिवासी समाज के स्वाभिमान पर कुठाराघात बताया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मूल भावना हमेशा से अनुसूचित जाति और जनजाति विरोधी रही है। अति अपमानजनक टिप्पणी कर कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी समाज का अपमान किया है।

Related Articles

Back to top button