FeaturedJamshedpur

प्रदेश अध्यक्ष आलोक दुबे जमशेदपुर पहुंचे, जिला की बैठक में की शिरकत


जमशेदपुर; प्राइवेट स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिऐशन पासवा पूर्वी सिंहभूम की ओर से आगामी 1 नवम्बर को जमशेदपुर माइकल जॉन ऑडोटोरियम में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश पासवा अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे,उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव सुभाष उपाध्याय, दीबेश राज,नीरज कुमार एवं हुजैफा हुसैन की उपस्थिति में शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर पू्र्वी सिंहभूम जिला पासवा अध्यक्ष रमन कुमार झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निजी स्कूलों के 500 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। शिक्षक सम्मान समारोह का उद्घघाटन झारखण्ड सरकार के वित्त मंत्री डा.रामेश्वर उराँव करेंगे तथा मुख्य अतिथि पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद होंगे।
इसके पूर्व पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक दूबे एवं उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव का जमशेदपुर पहुंचने पर पासवा के जिला अध्यक्ष रमण झा,महासचिव सुभाष उपाध्याय, दीबेश राज, संयुक्त सचिव हुजैफा हुसैन व अन्य पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।
बैठक के उपरान्त मीडिया कर्मियों से बात करते हुए पासवा प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि झारखंड बनने के बाद जमशेदपुर में अबतक का सबसे बड़ा शिक्षक सम्मान समारोह होगा।उन्होंने कहा पासवा के अनुरोध पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पहले कक्षा 9 से 12 फिर दूसरी बार कक्षा 6 से ऊपर स्कूल खोलने का काम किया,और छठ के बाद कोरोना संक्रमण नियंत्रित रहा तो कक्षा नर्सरी से ऊपर तक के स्कूल खोले जाऐंगे।पासवा अध्यक्ष ने 2019 में आरटीई कानून में संशोधन कर निजी स्कूलों की मान्यता के लिए जमीन की बाध्यता एवं 30 वर्षों की लीज संशोधन को निरस्त करने की मांग पर मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री ने सहमति जताई है एवं जल्द ही देश के एक कानून के साथ झारखंड में भी पुरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। आलोक दूबे ने कहा देश में सभी काम हो रहे हैं सिवाय पठन-पाठन के, इस देश में एक ही संगठन है पासवा जो शैक्षणिक व्यवस्था एवं पठन-पाठन लागू किए जाने को लेकर लगातार प्रयासरत है।
पासवा के प्रदेश उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कोरोना महामारी के दौरान भी निजी स्कूलों में हमारे बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा देने का काम किया है जिसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम होगी, 17 महीने स्कूल बंद रहने के बावजूद बिजली के बिल, बसों के टैक्स,बिल्डिंग व अन्य ट्रक्स सरकार ने माफ नहीं की,यहां तक कि 30 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज में भी केंद्र सरकार द्वारा स्कूलों को किसी प्रकार का सहयोग नहीं दिया गया,राज्य में से चलने वाले 47 हजार से अधिक निजी विद्यालयों के बीच संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है, निजी विद्यालय राज्य के लाइफ लाइन हैं जिनके बगैर बच्चों की शिक्षा अधूरी है,पासवा शिक्षकों को सम्मानित कर अपने आपको गौरवान्वित महसूस करेगी।
पूर्वी सिंहभूम जिला पासवा अध्यक्ष रमन झा ने कहा 1 नवंबर को माइकल जॉन हॉल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारियां आज के बाद से जोरों शोरों से प्रारंभ कर दी जाएगी, जमशेदपुर के सभी निजी स्कूलों को पत्र भेजकर इस समारोह में अपने शिक्षकों को भेजने का अनुरोध किया जाएगा।
पासवा महासचिव सुभाष उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह आज के समय की मांग है ताकि शिक्षकों के प्रति हम कृतज्ञता प्रकट कर सकें, फ्रंटलाइन वर्कर्स की तरह शिक्षक भी हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर देवशरण सिंह, अरविंद साहु, संदीप झा, नरेश गौरा, धर्मेन्द्र पाण्डेय, रौशन सिंह, राहुल सिंह आदि शामिल हुए !

Related Articles

Back to top button