धार्मिक अधिकार शिक्षा के अधिकार के ऊपर नहीं हो सकते : डॉ अजय

जमशेदपुर: कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और जमशेदपुर के पूर्व सांसद और पूर्वआईपीएस डॉ अजय कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिख कर जामताड़ा के कई स्कूलों में शुक्रवार को होने वाले असंवैधानिक साप्ताहिक अवकाश पर चिंता जतायी तथा ऐसे तानाशाही नियमों पर न सिर्फ रोक लगाने बल्कि ऐसे समाज विरोधी ताकतों पर कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
पत्र में डॉ अजय ने कहा पिछले दिनों झारखंड के ही एक स्कूल में हाथ जोड़कर प्रार्थना नहीं करने का मामला आया था। हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष देश है और इसलिए सभी स्कूलों को धर्मनिरपेक्षता का पालन करना चाहिए। ऐसा सुनने में आया है कि शुरुआत में केवल 2-3 स्कूलों में यह नियम बदलने की शुरुआत हुई थी। यहां के कुछ मुस्लिम युवकों ने नियम बदलने का दवाब बनाया था। फिर बाद में यह मनमर्जी बढ़ते हुए 50 से ज्यादा स्कूलों तक पहुंच गई। इन युवकों ने स्कूल मैनेजमेंट पर दबाव बनाया कि इलाके में 70 फीसदी से अधिक मुस्लिम आबादी है और यहां के स्कूलों में मुस्लिम बच्चे भी अधिक हैं, इसलिए यहां रविवार को पढ़ाई होगी और शुक्रवार को छुट्टी रहेगी। हमें याद रखना चाहिए धार्मिक अधिकार शिक्षा के अधिकार के ऊपर नहीं हो सकते।