FeaturedJharkhand

झारखंड में सरकार गिराने का षड्यंत्र; चार गिरफ्तार

झारखंड पुलिस ने हेमंत सोरेन सरकार गिराने की कथित तौर पर साजिश रचे जाने का खुलासा किया है। राजधानी रांची की बड़ी होटलों पर छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। होटलों से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद होने का दावा किया गया है।

झारखंड पुलिस की विशेष शाखा ने शुक्रवार देर रात कुछ होटलों पर छापा मारा। पुलिस का दावा है कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा गया था। इसके लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए भारी मात्रा में नकद राशि लेकर कुछ लोग होटलों में ठहरे थे।

तीन के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए चार लोगों में से तीन के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज किया गया है। एक अन्य से पूछताछ की जा रही है। रांची के कोतवाली थाने में आरोपी अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ भादंवि की धारा 419, 420 124-A, 120 B, 34 के अंतर्गत केस दायर किया गया है।

खुफिया सूचना के बाद मारे छापे
पुलिस ने दावा किया है कि उसे खुफिया सूचना मिली थी कि राज्य में कुछ लोग सरकार गिराने की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद गोपनीय ढंग से निगरानी रखी गई और शुक्रवार रात को रांची के बड़े होटलों में गुरुवार और शुक्रवार को छापे मारे गए। इसी दौरान रांची के लोअर बाजार थाना इलाके की एक बड़ी होटल से चार लोगों को पकड़ा गया। इन लोगों के पास से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की गई, लेकिन पुलिस ने यह नहीं बताया कि कुल कितना पैसा मिला है।

आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि राज्य के विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराने की साजिश रची जा रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button