गोलमुरी के गाड़ाबासा दादी मंदिर मे महिलाओं ने लगाया दादी जी का जयकारा

जमशेदपुर। भादो अमावस्या के शुभ अवसर पर झुंझुनू वाली श्री राणी सती दादी जी का सामूहिक मंगलपाठ एवं भजनों का धार्मिक अनुष्ठान बुधवार को बजरंग नगर गाड़ाबासा (गोलमुरी) स्थित दादी मंदिर मे धूमधाम से संपन्न हुआ। घिसा लाल मदन लाल अग्रवाल के सौजन्य से आयोजित सामूहिक मंगलपाठ में 101 महिलाएं शामिल हुई। यजमान सरोज-मदन अग्रवाल ने विधिवत पूजा कराकर ज्योत प्रज्जवलित की। स्थानीय पाठ वाचिका सोमी चौधरी एवं रिया चौधरी ने मंगल पाठ वाचन का शुभारंभ गणेश वंदना से किया। उन्होंने आज म्हारे आंगणिये में राणी सती जी आई जी…, दादी करवा दे म्हारा ठाठ…, मोटी सेठानी मन्ने भी बनादे तू छोटी सेठानी…, चढ्यो है मेहंदी को रंग भवानी…, खूंटी तान कर सोजा तेरी दादी पहरेदार…. दे दे थोड़ा प्यार दादी तेरा क्या घट जाएगा…., चालो रे चालो झुंझनू धाम रे…. आदि एक से बढ़कर एक भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। तीन घंटे तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में मंगल पाठ और भजनों के दौरान ऐसा भक्तिभाव जागा कि महिलाएं दादी जी का जयकारा लगाते हुए झूम उठी। आरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।