FeaturedJamshedpurJharkhand

पलामू सांसद बिष्णु दयाल राम ने घाघीडीह केंद्रीय कारा पहुंचकर भाजपा नेता अभय सिंह से की मुलाकात कहा- निष्पक्षता बरते प्रशासन, मौजूद रहे जमशेदपुर के सांसद विद्युत महतो

जमशेदपुर। कदमा के शास्त्रीनगर क्षेत्र में हुए उपद्रव मामले में जमानत मिलने के बाद भी महीनों से जेल में बंद भाजपा नेता अभय सिंह से मुलाकात करने पलामू के सांसद सह झारखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक बिष्णु दयाल राम सोमवार को घाघीडीह केंद्रीय कारा पहुंचे। जहां उन्होंने जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना। इस दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक प्रफुल्ल सिंह समेत कई अन्य नेतागण मुख्यरूप से मौजूद रहे। इस दौरान सांसद बी डी राम ने अभय सिंह से कदमा मामले समेत अन्य मामलों में आरोपी बनाए जाने की विस्तृत जानकारी ली। करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात में सांसद बी डी राम ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरा भाजपा परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अभय सिंह की रिहाई और न्याय दिलाने हेतु हरसंभव मदद करने की बात कही।

जेल कैंपस से बाहर आकर मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद बी डी राम ने कहा कि झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार वे अभय सिंह से मुलाकात करने और उनका हालचाल जानने जमशेदपुर आये हैं।उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन भाजपा नेताओं को बेवजह तंग कर रही है। हेमंत सरकार एवं जिला प्रशासन भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से अपराधी की भांति बर्ताव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जो दुर्दांत अपराधी होते हैं, जिनपर बहुत सारे मुकदमे दर्ज होते हैं। वैसे अपराधियों पर प्रशासन एक साथ रिमांड ना करके बारी-बारी से रिमांड करते हैं। जिससे कि वे अधिक समय तक जेल में बंद रहे। परंतु भाजपा नेताओं के प्रति प्रशासन की ऐसी कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अभय सिंह के मामले में जो मूल केस है उसमें उन्हें उच्च न्यायालय से जमानत दी गई है। परंतु जिला प्रशासन ने एक झूठा मुकदमा दायर करके उन्हें जेल में रहने को बाध्य किया है। सांसद बी डी राम ने कहा कि पार्टी इन सभी बिंदुओं पर गंभीर है। प्रशासन को ऐसे मामलों में निष्पक्षता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द अभय सिंह हम सबों के बीच होंगे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि हेमंत सरकार के इशारे पर प्रशासन ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह को झूठे मामले में फंसाकर जेल में बंद किया है। इस सरकार में वैसे ही झूठ और लूट जमकर चल रहा है। कहा कि जमशेदपुर सहित पूरे प्रदेश में सरकार भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को टारगेट कर निशाना बना रही है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा एवं विहिप नेता जनार्दन पांडेय के आवास पहुंचे सांसद बी डी राम: सांसद सह राज्य के पूर्व डीजीपी बिष्णु दयाल राम ने भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा से उनके क़दमा शास्त्रीनगर स्थित आवास पर मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना। इस दौरान क़दमा क्षेत्र से जेल भेजे गए कई लोग मौजूद थे। वहीं, उन्होंने परसुडीह क्षेत्र के मकदमपुर स्थित विहिप नेता जनार्दन पांडेय के घर जाकर उनसे मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान विहिप एवं बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पहले, पलामू सांसद बी डी राम साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचने पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त कर राजनीतिक चर्चा की।
इस अवसर पर डॉ राजीव, संजीव कुमार, संजीव सिन्हा, पप्पू सिंह, राजीव सिंह, चंचल चक्रवर्ती, प्रशांत पोद्दार, अमरेंद्र पासवान, अजय सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, राजू सरदार, ललन यादव, अभिमन्यु सिंह चौहान, सुमित श्रीवास्तव, संतोष कुमार समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button