FeaturedJamshedpurJharkhand

हरितालिका तीज पर 930 महिलाओं ने लगवायी निःशुल्क मेंहदी, पप्पू ने दिया स्वच्छता का संदेश

जमशेदपुर: अखंड सौभाग्य के लिए किया जाने वाला व्रत हरितालिका तीज के शुभ अवसर पर दो दिनों तक निःशुल्क मेंहदी लगवाने का काम सोमवार को संपन्न हुआ, जिसमें 930 से अधिक महिलाओं ने मेंहदी लगवायी। इसका आयोजन जमशेदपुर अक्षेस के ब्रांड एम्बेसडर एवं सिने तारिका माधुरी दीक्षित के प्रशंसक पप्पू सरदार ने साकची बाजार हंडी लाईन में किया था। प्रथम दिन रविवार को 370 और दूसरे दिन सोमवार को 560 से अधिक महिलाओं ने दोनों हाथों में मेंहदी लगवायी। दोनों दिन सुबह 10 बजे से लेकर रात 11 बजे तक 12 युवतियां मेंहदी लगातार लगा रही थी। मेंहदी लगाने के लिए अपनी पारी के लिए महिलाओं को काफी समय इंतजार भी करना पड़ा, उसके बावजूद उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान सबसे खास बात यह रही कि सबने अपनी पारी का इंतजार किया, अमीरी-गरीबी का भेदभाव कहीं भी नजर नहीं आया। इस दौरान दोनों दिन महिला एंकर दीपिका प्रधान ने अपने अंदाज में स्वच्छता का संदेश के साथ ही मलेलिया, डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर महिलाओं को जागरुक भी किया। जीवन के लिये स्वच्छता का क्या महत्व है इसे दर्शाते हुए इस कार्यक्रम को स्वच्छता को समर्पित किया गया। स्वच्छता संदेश की पहल की महिलाओं ने प्रशंसा की। इस संबंध में आयोजनकर्त्ता पप्पू सरदार का कहना हैं कि सिने तारिका माधुरी दीक्षित उन्हें भाई मानती हैं। एक भाई ने अपनी बहन माधुरी दीक्षित के नाम पर बहनों के हाथों में मेंहदी लगवायी हैं। कोरोना के कारण दो साल के इंतजार के बाद निःशुल्क मेहंदी लगवाने का कार्यक्रम हुआ। इस बार बहनों की संख्या बढ़ जाने से खुशी और अधिक हो गयी हैं। जमशेदपुर शहर के हर क्षेत्र से महिलाएं मेंहदी लगवाने आयी थी।

Related Articles

Back to top button