FeaturedJamshedpurJharkhand

प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने निकाली 200 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा

राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा यात्रा से कई लोगों को प्रेरणा मिलेगी- एसएसपी प्रभात कुमार

जमशेदपुर। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्धारा आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व सोमवार को साकची में 200 मीटर लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गयी। इस मौके पर बतौर अतिथि एसएसपी प्रभात कुमार ने झंडा दिखा कर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करते हुए यात्रा में शामिल हुए। जमशेदपुर प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्र भी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर एसएसपी ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोग और शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्धारा जो तिरंगा यात्रा निकाली गयी है, वह काफी अच्छी पहल है। इस यात्रा से कई लोगों को प्रेरणा मिलेगी। स्वतंत्रता दिवस पूरे देश वासियों का राष्ट्रीय पर्व है। ऐसे मौके पर इस प्रकार का प्रेरणादायक कार्यक्रम करने से कई लोगों को जानकारी भी मिलती है। तिरंगा यात्रा एसएसपी कार्यालय से निकाली गयी, जो जुबली पार्क गोलचक्कर, बाग ए जमशेद गोलचक्कर, साकची गोलचक्कर से होते हुए साकची आम बागान मैदान पर पहुंच कर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल रहे। पूर्व सैनिक सेवा परिषद, आदिवासी समाज की महिला- पुरुष अपने पारंपरिक परिधान में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा को देख कर राह चलते कई लोग भी यात्रा में खुद शामिल हो गये। 200 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस भी चौक चौराहों पर पुरी तरह से तैनात थी। ताकि किसी को कोई परेशानी नहीं हो और यात्रा के दौरान कोई वाहन बीच में न घूसे। इस मौके पर जमशेदपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने इस सफल आयोजन के लिए प्रेस क्लब के सभी सदस्य और शामिल लोगों को धन्यवाद दिया।

Related Articles

Back to top button