DelhiPolitics

दिल्ली में आतिशी को वित्त और राजस्व मंत्रालय भी सौंपा: अब उनके पास 8 विभाग; मार्च में कैबिनेट में शामिल हुई थीं

राजेश कुमार झा


मार्च 2023 में आतिशी ने मंत्री पद की शपथ ली थी। तब उन्हें 6 विभाग दिए गए थे।

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की मंत्रिमंडल में फेरबदल हुआ है। AAP नेता आतिशी को वित्त और राजस्व मंत्री बनाया गया है। अब आतिशी के पास 8 विभाग हो गए हैं।

आतिशी और सौरभ भारद्वाज को इसी साल मार्च में कैबिनेट में शामिल किया गया था। तब आतिशी को छह विभाग दिए गए थे, जिसमें शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, महिला और बाल विकास, ऊर्जा, आर्ट कल्चर व भाषा और टूरिज्म जैसे विभाग हैं।

जबकि सौरभ भारद्वाज को हेल्थ, अर्बन डेवलपमेंट, जल, सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण, विजिलेंस, सर्विसेस और इंडस्ट्री जैसे 7 विभाग दिए गए थे।

आप ने एलजी पर फाइल रोकने का आरोप लगाया था
इससे पहले गुरुवार को ही दिल्ली सरकार ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर कैबिनेट में फेरबदल से जुड़ी फाइल रोकने का आरोप लगाया था। आप सरकार ने कहा- हमने कैबिनेट में फेरबदल से जुड़ी फाइल उपराज्यपाल के पास साइन कराने के लिए भेजी थी, जो उन्होंने पिछले 4 दिनों से रोक रखी है। पिछले LG अनिल बैजल ऐसी फाइलों को आधे घंटे के भीतर मंजूरी दे देते थे।

हालांकि, एलजी ऑफिस की ओर से इन आरोपों से इनकार किया था। ऑफिस की ओर से बताया गया कि फाइल पर बुधवार को साइन किए गए और दिल्ली सरकार को वापस भेज दी गई। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी थी।

मार्च में आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने मंत्री पद की शपथ ली थी
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली सरकार में मंत्री पदों पर कई बार फेरबदल हो चुका है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन जेल में बंद हैं, उन्होंने मार्च 2023 में मंत्री पदों से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद कैलाश गहलोत को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी। उन्होंने ही इस साल का बजट भी पेश किया था।

Related Articles

Back to top button