FeaturedJamshedpurJharkhandNational

कविता सुनाओ, पाठ पढ़ो और मुफ्त में किताब पाओ

संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का स्टॉल है जबरदस्त चर्चा में

जमशेदपुर।
सिद्धगौड़ा चिल्ड्रन पार्क में लगभग 50 स्टॉल्स लगे हैं। इन्हीं में एक स्टॉल है संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का। यह एक एनजीओ है जो बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने का कार्य तो करता ही है, उसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य पुस्तक भी फ्री में देता है।
इस संवाददाता के साथ बातचीत में फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती ने बताया कि उन्हें नई और पुरानी किताबें कई विद्यालयों और अनेक दुकानदारों से दान में मिलती हैं। कई बड़े धन्ना सेठ भी पुस्तक दान में देते हैं। मुनमुन उन पुस्तकों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों को देती हैं लेकिन पुस्तक लेने का तरीका इतना आसान नहीं है। मान लीजिए कि आपको अंग्रेजी की पुस्तक चाहिए। तो आपको पहले मुनमुन जी को अंग्रेजी में एक कविता सुनानी पड़ेगी और अंग्रेजी में आपको एक पाठ भी पढ़कर सुनाना पड़ेगा। अगर आपने सही उच्चारण और बिना किसी मिस्टेक के पाठ पढ़ दिया, तभी वह पुस्तक आपको मिलेगी।
इस संवाददाता ने देखा कि सुबह 11:00 बजे से देर शाम तक स्टॉल नंबर एक पर मुफ्त में किताब लेने वालों की भीड़ लगी रही।
मुनमुन ने बताया कि इस मेले में उनके स्टाल को बहुत ही शानदार रिस्पांस मिला है। उन्होंने बताया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में भी काम करती हैं और कुपोषण के शिकार बच्चों के लिए भोजन की भी व्यवस्था करती हैं। उनका यह संगठन जमशेदपुर का ही है लेकिन वह काम पूरे झारखंड में करती हैं।

Related Articles

Back to top button