FeaturedJamshedpurJharkhand

जमशेदपुर सहित देश हो गया राम मय-चारों तरफ़ राम की ही धूम

बाज़ार सजे राम झंडों से-22 जनवरी को देश भर में होगी महा दीपावली

जमशेदपुर। अब जबकि 22 जनवरी के राम महा उत्सव में केवल दो ही दिन बचे हैं, जमशेदपुर सहित सारा देश राम के रंग में पूरी तरह से रंग गया है। चारों तरफ़ राम ही राम के नाम की धूम है। लोगों में उत्साह और उल्लास देखते ही बन रहा है। कनफ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ( कैट) के आह्वान पर देश के हज़ारों छोटे बड़े व्यापारिक संगठनों ने राम उत्सव के लिए बड़ी तैयारियाँ की है और 22 जनवरी को भारत भर में “ मेरे राम” का बड़ा जयघोष होना तय है।
कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोन्थालिया ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विश्व हिंदू परिषद ने जमशेदपुर में कैट के नेताओं के साथ हुई एक बैठक में जमशेदपुर सहित देश भर के बाज़ारों को राम मय करने का आग्रह किया था जिसके बाद व्यापारियों में श्री राम की लौ लग गई और उस दिन से ही देश के सभी व्यापारी संगठन श्री राम के काज में जुट गये।

सोन्थालिया ने बताया कि चारों तरफ़ श्री राम के कार्यक्रमों की बाढ़ सी आ गई हैं।देश भर में कहीं शोभा यात्रा निकली तो कहीं राम चौकी का आयोजन हुआ। कहीं हनुमान चालीसा का पाठ हुआ तो कहीं राम संवाद के कार्यक्रम हुए।मार्केटों में श्री राम फेरी निकाली गई तो कहीं श्री राम की कीर्तन यात्रा आयोजित किया जा रहा है। अनेक शहरों में श्री राम मंदिर की कृति बनाई गईं है। जमशेदपुर के बाज़ार राम झंडों से सज गए हैं बाज़ारो में राम झंडा की कमी हो गई और 22 जनवरी को बाज़ारों को रोशनी से जगमग करने की व्यापक तैयारियाँ हो चुकी हैं।

सोन्थालिया ने यह भी बताया कि श्री राम से संबंधित वस्तुओं की बड़े पैमाने पर बिक्री हुई है। चाहे वो राम मंदिर के मॉडल हों या फिर राम ध्वज, राम पटका, माला, लाकेट, हाथ के कढ़ें या फिर श्री राम के लाकेट, बाज़ार में ढूँढे भी सामान नहीं मिल रहा।बड़ी मात्रा में हुए संगीतमय कार्यक्रमों से छोटे कलाकारों को बड़ा काम मिला है। भंडारे करने के लिए हलवाई और कैटरस की कमी पड़ गई है। ऐसा उत्साह पहले कभी देखा नहीं गया।

सोन्थालिया ने बताया कि कल 21 और 22 जनवरी को देश भर में 20 हज़ार से ज़्यादा और जमशेदपुर भर में छोटे बड़े 2 हज़ार से अधिक कार्यक्रम होने जा रहे हैं। वहीं आने वाले दो दिनों में बड़े पैमाने पर श्री सुंदरकांड के पाठ होंगे।देश भर के बाज़ारों में एलईडी लगाकर अयोध्या धाम से सीधा प्रसारण लोगों को दिखाया जाएगा।लोग अपनी दुकानों और घरों को फूलों एवं रोशनी से सजायेंगे तथा दीप जलाकर दीपावली मनायेंगे। जमशेदपुर को अयोध्या बनाने की पूरी तैयारी है।सभी प्रमुख बाज़ारो श्रीराम झंडे से सजाया जा रहा है।

सोन्थालिया ने कहा कि यह श्री राम जी की कृपा है जो जमशेदपुर और देश भर में इतने बड़े स्तर पर श्री राम के कार्यक्रम हुए हैं। उन्होंने बताता कि कैट ने 1 जनवरी को दिल्ली के गौरीशंकर मंदिर से *हर शहर अयोध्या-घर घर अयोध्या* राष्ट्रीय अभियान शुरू किया था।
कैट ने श्री राम पर एक मधुर गीत *हर साज पर राम बजे* अभी 18 तारीख़ को ही रिलीज़ किया है। जमशेदपुर राम का गुण गान करने के लिए पूरी तरह राम मय हो गई है।

Related Articles

Back to top button