FeaturedJamshedpurJharkhand

सेवा भारती के सेवा प्रशिक्षण वर्ग में सार्वजनिक प्रदर्शन कार्यक्रम संपन्न

सेवा कार्य हमारा कर्तव्य है : सुनिल सिंह

जमशेदपुर। सेवा भारती,झारखंड के प्रांतीय आचार्य सेवा प्रशिक्षण वर्ग का सार्वजनिक प्रदर्शन तुलसी भवन के मुख्य सभागार विष्टुपुरजमशेदपुर में किया गया। आगत अतिथियों के द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक ब्रह्मनाद, गायत्री मंत्र, सरस्वती वंदना, गीता श्लोक, सदाचार के दोहे, रामायण की चौपाई, सामूहिक गीत एवं योगासन का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सेवा भारती का कार्य परिचय देते हुए प्रांतीय शिक्षा आयाम प्रमुख श्रीमती कंचन प्रभा ने बताया कि विगत 25 वर्षों से झारखंड में सेवा भारती का सेवा कार्य चल रहा है। शिक्षा,स्वास्थ्य, स्वावलंबन,सामाजिक आयामों के माध्यम से निरंतर सामाजिक नवोत्थान हो रहा है। सेवा बस्तियों में संस्कारित शिक्षा प्रकल्प का संचालन कर अभावग्रस्त-वंचित परिवार को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी तरह स्वावलंबन योजना के तहत कौशल विकास केन्द्र से ग्रामीण उद्यमी प्रशिक्षण देकर युवकों को कौशल विकास कर स्वरोजगार सृजन किया जा रहा है। समाज के सामूहिक सहयोग से सेवा भारती का 1405 सेवा कार्य चल रहे है। मौके पर सेवा प्रशिक्षण वर्ग की वर्ग कार्यवाहिका डॉ रागिनी भूषण ने प्रशिक्षण वर्ग की कार्यवाही रखते हुए कहा कि 8 से 14 अक्टूबर तक चलने वाले छः दिवसीय आचार्य सेवा प्रशिक्षण वर्ग में 80 सेवाव्रती महिला कार्यकर्ता सेवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वर्ग में सेवा, संस्कार, व्यक्तित्व विकास,व्यवस्था कौशल,अध्यापन कौशल, हमारा परिवार सेवाव्रती बने। सेवा की मानसिकता, संस्कार केन्द्र संचालन विधि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। मौके पर प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव कथन साझा किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सुनिल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के चतुर्दिक उत्थान में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका राजनैतिक दलों से कहीं अधिक है। सेवा बस्तियों व सेवा ग्रामों में सेवा भारती की मातृशक्ति के माध्यम से सेवा कार्य चल रहे है। इसका प्रत्यक्ष परिवर्तन देखने को मिलता है। महिलाएं अपने परिवार को संभालते हुए सेवा कार्य कर रही हैं,यह महान कार्य अनुकरणीय है। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती मंजुषा देशमुख ने अपने उद्बोधन में कहा कि वंचित समाज को ऊपर उठाने के लिए सेवा भारती का मुख्य उद्देश्य है। सेवा कार्य हमारी पुरातन परंपरा है। सामाजिक नवोत्थान के लिए समाज का सामूहिक प्रयत्न आवश्यक है। इस सेवा यज्ञ में संपूर्ण समाज की सहभागिता सुनिश्चित करना होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन सेवा भारती जमशेदपुर महानगर सचिव राजेंद्र साह राज ने किया जबकि कार्यक्रम का संचालन विभाग सचिव प्रसेनजीत तिवारी ने किया।इस अवसर पर सेवा भारती के प्रांतीय आयाम प्रमुख रमाकांत दूबे, अरुणा सिंह, गुहाराम, जमशेदपुर विभाग संघचालक इन्द्र अग्रवाल, महानगर सह संघचालक रामचंद्र जी, कार्यवाह रविन्द्र नारायण सिंह,केएल मितल, विनोद अग्रवाल, सुधीर सिंह, मणीभूषण, संजय मिश्रा, राकेश कुमार,मनोज मिश्रा, आर के सिंह, जय गोपाल, प्रदीप चटर्जी सहित नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button