FeaturedJamshedpurJharkhand

विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह संपन्न


लुंबिनी, नेपाल 22 फरवरी। बहु-प्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय स्तर का सम्मान समारोह नेपाल में शनिवार संपन्न हुआ है। नेपाल की ख्याति प्राप्त संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल द्वारा आयोजित ऐतिहासिक महत्व का गौरवशाली विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ है। इस आयोजन की तैयारियां एक वर्ष से की जा रही थीं। देश विदेश की विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, देवनागरी लिपि के सरंक्षण संवर्द्धन, नेपाल भारत बीच मैत्री संबंधों को सुदृढ़ बनाने तथा नेपाली हिंदी भाषा को दोनों देशों की मैत्री भाषा बनाने में सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में देश विदेश से प्राप्त पांच हजार आवेदनों में से सौ विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का चयन कर सम्मानित किया गया है। नेपाल, भारत, अमेरिका तथा तंजानिया से सौ बहुक्षेत्रीय प्रतिभाओं को विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान (वर्ल्ड टैलेंट इंटरनेशनल अवॉर्ड) से सम्मानित किया गया है। समारोह के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु, प्रमुख अतिथि नेपाल सरकार लुंबिनी के कृषि तथा भूमि व्यवस्था मंत्रालय के नि.मंत्री भंडारी लाल अहीर, तथा विशिष्ट अतिथि नेपाल सरकार लुंबिनी के वन तथा वातावरण मंत्रालय के नि.मंत्री बादशाह कुर्मी, विशिष्ट अतिथि डॉ जसभाई पटेल, विशिष्ट अतिथि कमल सिंह बैद ने सभी प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, मैडल, अंग वस्त्र, रुद्राक्ष माला तथा नेपाली टोपी पहना कर सम्मानित किया है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की सौ प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मानित किया गया है। नेपाल, भारत, अमेरिका तथा तंजानिया के 18 राज्यों से 53 महिला तथा 47 पुरुष प्रतिभाओं की सहभागिता रही थी। प्रतिभा सम्मान के साथ ही एक दर्जन लेखकों की दर्जन से अधिक पुस्तकों का विमोचन भी किया गया है। समारोह के अंतिम सत्र में आयोजित काव्य सम्मेलन में दर्जनों कवियों ने काव्य पाठ कर आयोजन की शोभा बढ़ाई थी। कार्यक्रम में बोलते हुए गुजरात के गांधी नगर से पधारे विशिष्ट अतिथि डॉ जसभाई पटेल ने कहा – “नेपाल भारत का सम्बन्ध युगों से रहा है इसी सम्बन्ध को मजबूत बनाने का कार्य शब्द प्रतिभा संस्था द्वारा किया जा रहा है।” इसी तरह आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से पधारे विशिष्ट अतिथि कमल सिंह बैद ने कहा – “इस सम्मान समारोह ने आज सैकड़ों अग्रज तथा नवोदित लेखकों, शिक्षकों, साहित्यकारों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है। जो प्रशंसनीय है।”
ज्ञात हो कि शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि प्राप्त कर चुकी एक साहित्यिक संस्था है जो वर्ष में कई आयोजन कर देश विदेश के कवि, लेखक, पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षक, समाजसेवी आदि को प्रोत्साहित करती आई है। इसके आयोजनों को देश विदेश में बड़े साख तथा प्रतिष्ठा के साथ देखा जाता है। समारोह के समापन मंतव्य में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने कहा – ” संस्था आज प्रगति की जिस ऊंचाई पर पहुंच चुकी है इसका संपूर्ण श्रेय आयोजन में सहभागी प्रतिभाओं को जाता है। हमारा कुछ नहीं, हम तो माध्यम हैं आपकी टैलेंट को ऊंचाई देने और दिलाने के लिए। हरेक वर्ष सहभागियों का साथ और सहयोग सुखद रहता है। संस्था पर विश्वास करने वालों को धन्यवाद। संस्था जब तक रहेगी आपके सभी के साथ में है। ”
शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल वर्ष में आधा दर्जन ऑनलाइन कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन करती आई है जिसके माध्यम से कवियों, लेखकों को सम्मानित कर प्रोत्साहित करती आई है। संस्था इसी वर्ष चार अंतर्राष्ट्रीय स्तर के साझा काव्य संग्रह तथा बहु प्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक परिचय डायरेक्ट्री प्रकाशन की योजना में है। कार्यक्रम में मंचासीन, अवॉर्डी तथा दर्शक सहभागी सहित 200 लोगों की सहभागिता थी। समारोह का संचालन प्रसिद्द मंच संचालन आचार्य खेमचंद यदुवंशी शास्त्री ने किया था।

Related Articles

Back to top button