FeaturedJamshedpurJharkhand

शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा के पुनः लोकार्पण कार्यक्रम में सांसद को आमंत्रित नही किये जाने पर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित

प्रतिमा की नींव रखने वाले स्व. मृगेंद्र प्रताप सिंह की स्मृति हटाये जाने पर भी भाजपा ने जताई कड़ी आपत्ति, 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम।

जमशेदपुर। मानगो नगरनिगम और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड पूर्व में जुस्को द्वारा मानगो चौक गोलचकर नवीकरण करने के बाद शनिवार को खुदीराम बोस की प्रतिमा और सिख धर्म के पवित्र निशान का पुनः लोकार्पण झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता और टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम की सूचना जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को न दी गई थी और न ही उन्हें आमंत्रण दिया गया था। भारतीय जनता पार्टी मानगो मंडल द्वारा इस कार्यक्रम का विरोध करने पर मंत्री बन्ना गुप्ता के समर्थकों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की गई। जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए मानगो चौक में धरना पर बैठ गए। इधर घटना की सूचना सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव एवं जिला के पदाधिकारी को मिलते ही सांसद विद्युद महतो, गुंजन यादव और भाजपा व्यवासायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह मानगो चौक पहुंचे। भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम में सांसद को नही बुलाये जाने पर कड़ा विरोध दर्ज किया और जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं के संग गुंजन यादव ने आयोजनकर्ता पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मानगो मुख्य चौराहा पर जुस्को प्रबंधन द्वारा किये गए सौंदर्यीकरण के तहत महान स्वतंत्रता सेनानी खुदिराम बोस जी की प्रतिमा और सिखों के पवित्र प्रतीक चिन्ह खंडा को पुनर्स्थापित किया गया है। भाजपा जमशेदपुर महानगर ऐसे कार्यों का स्वागत और सराहना करती है पर गंदी और घिनौनी राजनीति के तहत पुनर्स्थापना के शिलापट्ट पर केवल पश्चिम विधायक एवं मंत्री बन्ना गुप्ता एवं वाइस प्रेसिडेंट कॉर्पोरेट, टाटा स्टील चाणक्य चौधरी का नाम अंकित किया गया और जमशेदपुर के लोकप्रिय सांसद विद्युत वरण महतो के नाम को गायब कर उनकी उपेक्षा की गई। इसके साथ ही, उन्हें उद्घाटन समारोह में आमंत्रित नही किया गया। उन्होंने कहा कि यह हमारे जमशेदपुर लोकसभा के सांसद का अपमान है जिसे भाजपा जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ता किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं करेंगे।
महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने जुस्को और मानगो नगर निगम के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहीद खुदिराम बोस की प्रतिमा के स्थापनाकर्ता श्रद्धेय बाबू मृगेंद्र प्रताप सिंह जी की स्मृति को शिलापट्ट में अंकित अथवा अलग से शिलापट्ट नहीं लगाया गया। सांसद विद्युत वरण महतो को उद्धाटन समारोह के लिए कोई आमंत्रण नहीं देना एवं शिलापट्ट पर भी उनका नाम अंकित नहीं किया जाना साजिश के तहत किया गया है। गुंजन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता काफी अनुशासित और सहनशील हैं पर उनकी धैर्य की परीक्षा ना लिया जाये। अगर 48 घण्टे के अंदर जुस्को प्रबंधन, मानगो नगर निगम सांसद विद्युत वरण महतो के नाम और श्रद्धेय बाबू मृगेंद्र प्रताप सिंह जी की स्मृति को उस शिलापट्ट पर अंकित नही करवाती है तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होगी।

ज्ञात हो कि मानगो चौक पर शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा भाजपा के तत्कालीन विधायक और वित्त मंत्री मृगेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा जनवरी, 2002 में स्थापित की गई थी। परंतु प्रतिमा के पुनर्स्थापना में उनके योगदान को भुला दिया गया है। जिसपर भाजपा कार्यकर्ता काफी आक्रोशित हैं।

वहीं, भाजपा के व्यवासायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह ने कहा की मानगो नगर निगम, जुस्को और मंत्री बन्ना गुप्ता की सोची समझी साजिश के तहत ऐसा किया गया है। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और ओछी मानसिकता को दर्शाती है। प्रतिमा के स्थापनाकर्ता श्रद्धेय मृगेंद्र प्रताप सिंह जिनके प्रयास से खुदीराम बोस की प्रतिमा की स्थापना मानगो चौक पर हुई थी उनके नाम और सांसद विद्युत वरण महतो के नाम को शिलापट्ट से गायब कर दिया गया है। यह साजिशकर्ता के घबराहट को दर्शाता है।

मानगो, उलीडीह एवं आजादनगर के भाजपा मंडल अध्यक्षों ने मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, 48 घंटे में शिलापट्ट बदलने का दिया अल्टीमेटम: इस घटना पर भाजपा ने मानगो के कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन के माध्यम से शिलापट्ट को बदलने की मांग की है। भाजपा ने मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव को चेतावनी देते हुए 48 घंटे का समय दिया है। ज्ञापन में कहा गया कि शिलापट्ट पर सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व वित्त मंत्री परम श्रद्धेय बाबू मृगेंद्र प्रताप सिंह की स्मृति अंकित कर नया शिलापट्ट लगाया जाए और जमशेदपुर लोकसभा के लोकप्रिय सांसद श्री विद्युत वरण महतो से माफी मांगे। अगर ऐसा नहीं होता है तो भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के हजारों कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर मानगो नगर निगम और जुस्को का हुड़का जाम कर देंगे जिसकी पूरी जिम्मेवारी मानगो नगर निगम एवं जुस्को प्रबंधन की होगी।

विरोध प्रदर्शन में मानगो मंडल अध्यक्ष विनोद राय, उलीडीह मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र पासवान, आजादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, विजय तिवारी, दशरथ चौबे, अशोक सिंह चौहान, दिलीप सिंह, नितिन त्रिवेदी, मनोज गिरी, रवि गोराई, बंटी गुप्ता, सुनील सिंह, दीपक तिवारी, सुशील पांडे, राहुल कुमार, नवनीत तिवारी, सुमन श्रीवास्तव, राकेश सिंह लोधी समेत सकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button