FeaturedJamshedpurJharkhand

शहर में बढ़ते अपराध एवं गिरते कानून व्यवस्था पर भाजपा ने की वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात, कहा अंकुश लगाए प्रशासन नहीं तो आंदोलन

■ शहर की कानून व्यवस्था हो रही चौपट, अपराधियों के हौसले हो रहे बुलंद: गूँजन यादव

जमशेदपुर। शहर की गिरती विधि व्यवस्था, बढ़ते आपराधिक घटनाओं एवं नशे के कारोबार के खिलाफ भाजपा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा द्वारा लगातार थाना से लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक तक इस दिशा में ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। शनिवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष गूँजन यादव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी एम तमिल वणन से मुलाकात कर शहर में चौपट हो चुकी कानून व्यवस्था एवं बढ़ते नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि विगत कई माह से शहर में एक ओर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, तो दूसरी ओर नशे के कारोबारी तेजी से अपना जाल फैलाकर युवाओं पर शिकंजा कस रहे हैं। ऐसी घटनाएं एक के बाद एक कर अपने पांव पसार रही हैं। शहर में बढ़ते अपराध, चोरी, छिनतई, ब्राउन शुगर एवं नशे के कारोबार से इस शांतिप्रिय शहर की छवि धूमिल हो रही है और शहर की पहचान लौहनगरी से हटकर अपराध नगरी के रूप में होने लगी है। शहर में ब्राउन शुगर, स्मैक एवं अन्य नशे का कारोबार धरल्ले से किया जा रहा है। जिससे युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आने लगे हैं। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक को भाजपा मंडल अध्यक्षों द्वारा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी को इस संबंध में दिए गए ज्ञापन का उल्लेख कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।


इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गूँजन यादव ने बताया कि शहर की गिरती विधि व्यवस्था और बढ़ते नशे के खिलाफ आम जनता में आक्रोश और भय का माहौल है। जनता के इस आक्रोश पर भाजपा जमशेदपुर महानगर पूरी तरह गंभीर है। अपराधियों और नशे के सौदागरों का गठजोड़ अपराध की नई इबारत लिख रहा है। इन सब कारणों से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। शहर में लगातार दिनदहाड़े चोरी और छिनतई की घटनाएं हो रही है। खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में अपराध और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही है। हाल के दिनों में चोरों का हौसला इतना बढ़ गया है कि वे बैखोफ होकर भगवान के मंदिरों पर भी हाथ साफ कर रहे हैं। गूँजन यादव ने कहा कि शहर में चेन स्नेचिंग, नशे के कारोबार समेत घरों में चोरी-लूटपाट की घटनाओं को रोकने और इसके लिए संबंधित क्षेत्र के थानों की जवाबदेही तय कर सख्ती बरतने के निर्देश देने की मांग की गयी है। अगर शीघ्र विधि-व्यवस्था में सुधार हेतु जरूरी पहल नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता कोविड निर्देशों के तहत सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।

इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, सुधांशु ओझा, बबुआ सिंह, महामंत्री राकेश सिंह, मंत्री पुष्पा तिर्की, जितेंद्र राय, मंजीत सिंह, पप्पू सिंह, नीलू मछुआ, प्रदीप महतो, कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, बोलटू सरकार, प्रेम झा, बिनोद सिंह, ज्ञान प्रकाश, कौस्तव रॉय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मोहम्मद निसार, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष अजीत कालिंदी समेत अन्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button