FeaturedJamshedpur

भाजपा काशी प्रांत बैठक : सर्दी-बारिश की परवाह छोड़ें, सिर्फ जीत का लक्ष्य लेकर करें काम – डॉ. दिनेश शर्मा

जमशेदपुर। मिशन-2022 को लेकर रविवार की दोपहर युनाइटेड कालेज सभागार में भाजपा काशी क्षेत्र की बैठक में डिप्टी सीएम डा. दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि अब चुनाव नजदीक है। हमें सर्दी और बारिश नहीं देखनी। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सिर्फ जीत का लक्ष्य लेकर काम करें। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व हैं। क्योंकि कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। डिप्टी सीएम ने मुख्य अतिथि के रूप में यह बात रविवार को भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में कही। 

डिप्टी सीएम ने कहा कि कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अपने अंदर की शक्ति को पहचाने। क्योंकि कार्यकर्ता कहीं भी, कभी भी, दिशा और दशा को बदलने का माद्दा रखते हैं। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस के चुनाव चिह्न भले ही अलग-अलग हों लेकिन यह तीनों दल अंदर से एक ही हैं। कहा कि प्रयागराज का शंखनाद पूरे देश में गूंजेगा। यह तभी संभव होगा जब अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को एतिहासिक जीत मिले।  

उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर पार्टी एक बार फिर से प्रदेश में 300 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। डिप्टी सीएम ने इस दौरान सरकार की तमाम योजनाओं को गिनाया।  यह भी कहा कि कोविड काल में सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता ही अपनी जान की परवाह न किए बगैर सामने आए। कार्यकर्ताओं ने दिन रात लोगों की सेवा की। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भाजपा प्रदेश में 400 सीट तक भी पहुंच सकती है।

भाजपा के त्रिदेव ही दिखाएंगे जीत का रास्ता : बंसल

काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के ‘त्रिदेव ’ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी और बीएलए टू ही पार्टी के त्रिदेव हैं। कहा कि चुनाव के पूर्व सभी बूथों पर हमें अपनी वोटर लिस्ट को दुरुस्त करना होगा। अब समय कम है, इसलिए युद्ध स्तर पर पदाधिकारी इस कार्य में जुट जाएं। 

पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बंसल ने मिशन  2022 के लक्ष्य को भेदने का मंत्र देते हुए कहा कि प्रदेश में 44 लाख कार्यकर्ताओं की फौज है। यह अब केवल कागजों में नहीं रहेंगे। इन्हीं 44 लाख कार्यकर्ताओं के जरिए प्रदेश के 13 करोड़ वोटरों तक पहुंचकर राज्य में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाई जाएगी। कहा कि वर्तमान में प्रदेश में ढाई करोड़ भाजपा सदस्य हैं। डेढ़ करोड़ नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य है। इस तरह से चुनाव के पूर्व सिर्फ भाजपा परिवार के ही चार करोड़ सदस्य प्रदेश में हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि भी अपनी लोकप्रियता दिखाएं। विकास के कार्यों में भागीदार बनने के साथ संगठन के कार्यों में भी वह बढ़ चढ़कर शिरकत करें। बैठक की अध्यक्षता काशी प्रांत अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने की। उन्होंने संगठन की आगामी कार्ययोजना के बारे में बताया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं सांसद सुब्रत पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी सुनील ओझा, लक्ष्मण आचार्य,  मेयर अभिलाषा गुप्ता, विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी, विभव नाथ भारती, गणेश केसरवानी आदि की मौजूदगी रही।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker