FeaturedJamshedpurJharkhand

नए संसद भवन के लोकार्पण करने पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता की तरफ से पीएम मोदी को दी बधाई।

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजाद भारत में बना पहला संसद भवन देश को समर्पित कर दिया है। रविवार को पारंपरिक परिधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन का उद्घाटन किया। नए संसद भवन के लोकार्पण पर भाजपा ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया और पीएम नरेंद्र मोदी एवं देश की जनता को बधाई दी। नए संसद भवन के लोकार्पण पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय संस्कृति और वास्तुकला से सुसज्जित इतना भव्य और आकर्षक लोकतंत्र का मंदिर देश को देने के लिए झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से बधाई दी और जोहार किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रचनात्मक और दृढ़ निश्चय स्वभाव पर निश्चित रूप से गर्व करेगी। कहा कि किसी सरकार और आम व्यक्तित्व से इतने कम समय में इतना भव्य और दिव्य एतिहासिक निर्माण की कल्पना नहीं की जा सकती है। महान देशभक्त विनायक दामोदर वीर सावरकर जी की जयंती पर देश को यह भेंट मिल रही है। एक देशभक्त को यह सच्ची श्रद्धांजली है। पूर्व सीएम रघुवर दास ने लोकतंत्र के मंदिर के निर्माण में जुटे हजारों मजदूरों और कर्मचारियों को भी बधाई दी। उन्होंने झारखंड के राम मुर्मू को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए पीएम मोदी के हाथों सम्मान मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

नए संसद भवन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को किया गया आत्मसात: गुंजन यादव

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने भी नए संसद भवन को एक भारत श्रेष्ठ भारत का प्रतीक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए ऐतिहासिक एवं शुभ है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर देश अमृत महोत्सव मना रहा है। इस अमृत महोत्सव में देशवासियों को संसद के इस नए भवन का उपहार मिला है। गुंजन यादव ने पवित्र सेंगोल को संसद में स्थापित करने को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय क्षण बताया। उन्होंने कहा कि नए संसद भवन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के दर्शन होते हैं।

नया संसद भवन भारत की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता के मिलन का बेजोड़ प्रतीक: प्रेम झा

वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर प्रवक्ता प्रेम झा ने भी नए संसद भवन के लोकार्पण करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नया संसद भवन भारत की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता के मिलन का बेजोड़ प्रतीक है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज उभरते भारत की वैश्विक स्थिति नए संसद की छत पर विराजमान चार गरजते सिंहों के समान है। प्रेम झा ने कहा कि जनता देख रही है कि किस प्रकार कांग्रेस पार्टी राष्ट्रहित की बजाए निजी हित को साधने के लिए स्वार्थ की राजनीति कर रही है।

Related Articles

Back to top button